गंगरेल के ठेमली टापू में अवैध महुआ शराब भट्ठी पर पुलिस की दबिश, 1000 लीटर लाहन नष्ट

0

 

गंगरेल के ठेमली टापू में अवैध महुआ शराब भट्ठी पर पुलिस की दबिश, 1000 लीटर लाहन नष्ट

धमतरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में उपकरण जब्त, आरोपियों की तलाश जारी


उत्तम साहू 

धमतरी। जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने गंगरेल बांध के सामने स्थित ठेमली टापू क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। अवैध महुआ शराब निर्माण की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना रूद्री और केरेगांव की संयुक्त टीम गठित कर जंगल क्षेत्र में दबिश दी गई।

पुलिस टीम ने ठेमली आईलैंड के समीप जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया, जहां अवैध शराब निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री बरामद हुई। मौके से 200 लीटर क्षमता के 5 बड़े प्लास्टिक ड्रम, 3 छोटे ड्रम, 6 जर्मन गंजी, 5 स्टील गंजी, 4 लोहे के चूल्हे और 6 घमेला जब्त किए गए।



तलाशी के दौरान 5 बड़े ड्रमों में भरा लगभग 200-200 लीटर महुआ लाहन (कुल करीब 1000 लीटर) भी मिला, जिसे पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया। जब्त सामग्री का पंचनामा तैयार कर उसे कब्जे में लिया गया।

कार्रवाई के समय स्थल पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी इस गतिविधि की जानकारी होने से इंकार किया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और संलिप्त लोगों की पतासाजी जारी है। आरोपियों के मिलने पर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !