नगरी-दुधावा मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 19.40 करोड़ रुपये स्वीकृत, शासन ने जारी किया आदेश
टांगापानी मोड़ से सिहावा तक 8 कि.मी सड़क का होगा नया निर्माण
उत्तम साहू
नगरी- धमतरी: छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग (PWD) ने धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र के निवासियों को बड़ी सौगात दी है। राज्य शासन द्वारा नगरी-दुधावा-नगरी-बासीन मार्ग (राज्य मार्ग क्रमांक-06) के उन्नयन और मजबूतीकरण कार्य के लिए 19 करोड़ 40 लाख 77 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
8 किलोमीटर सड़क का होगा कायाकल्प
जारी आदेश के अनुसार, इस परियोजना के तहत मार्ग के कुल लंबाई 8.00 कि.मी. का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा। यह कार्य वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल था, जिसे अब वित्त विभाग की सहमति के बाद आधिकारिक मंजूरी मिल गई है।
सख्त शर्तों के साथ मिली मंजूरी
लोक निर्माण विभाग के मंत्रालय द्वारा प्रमुख अभियंता को पत्र लिखकर कार्य शुरू करने के लिए 11 कड़ी शर्तें भी रखी गई हैं:
निविदा प्रक्रिया: कार्य का टेंडर तभी आमंत्रित किया जाएगा जब सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति (T.S.) मिल जाएगी।
भूमि उपलब्धता: टेंडर प्रक्रिया तभी शुरू होगी जब कम से कम 90 प्रतिशत बाधा रहित भूमि उपलब्ध होगी।
गुणवत्ता और समय: कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। देरी होने पर नियमानुसार अर्थदंड भी लगाया जा सकता है।
शासन ने स्पष्ट किया है कि निविदा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए ताकि पर्याप्त प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित हो सके।
विकास को मिलेगी गति
इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण से धमतरी जिले के नगरी और दुधावा क्षेत्र के ग्रामीणों और यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। सड़क की स्थिति बेहतर होने से न केवल परिवहन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

