वर्षों पुरानी मांग पूरी: अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा के प्रयासों से पुरानी बस्ती पुलिया निर्माण को मिली 3.31 करोड़ की मंजूरी
उत्तम साहू
नगरी। नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने अपने कार्यकाल के प्रथम वर्ष में ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पुरानी बस्ती से मोदे मार्ग पर बहुप्रतीक्षित पुलिया निर्माण के लिए 3 करोड़ 31 लाख 46 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दिलाई है। वर्षों से लंबित इस मांग के पूरी होने से नगरी सहित मोदे, खम्हरिया और बिरनपुर के किसानों में हर्ष का माहौल है।
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान बलजीत छाबड़ा ने क्षेत्रवासियों से जो प्रमुख वादे किए थे, उनमें पुरानी बस्ती पुलिया निर्माण सबसे अहम था। लंबे समय से किसान इस पुलिया की मांग करते आ रहे थे। कई जनप्रतिनिधि आए और गए, आश्वासन भी मिले, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। ऐसे में अध्यक्ष बनने के बाद बलजीत छाबड़ा ने इसे प्राथमिकता में रखते हुए लगातार प्रयास किए।
अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने उपाध्यक्ष विकास बोहरा, वार्ड पार्षद शंकर देव, हरीश साहू, असकरण पटेल सहित सभी पार्षदों के सहयोग से शासन स्तर पर पहल की। उनके सतत प्रयासों का परिणाम है कि अब महानदी पर पुरानी बस्ती–मोदे मार्ग में पुलिया निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।
कृषकों ने बताया कि महानदी पर पुलिया नहीं होने से उन्हें कृषि कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। आवागमन बाधित होने से फसलों के परिवहन में समस्या आती थी और हर वर्ष लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता था। साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। अब पुलिया निर्माण से इन सभी समस्याओं का समाधान होगा और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि यह सिर्फ एक पुलिया नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत है। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, महापौर रामु रोहरा, जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी प्रतिबद्धता है कि चुनाव में किए गए सभी वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए और उनकी टीम इस दिशा में पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।
पुलिया निर्माण की स्वीकृति से पुरानी बस्ती सहित आसपास के ग्रामीणों में विश्वास और उत्साह बढ़ा है। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत अब विकास की नई इबारत लिखने की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम में पार्षद राजा पवार, देवचरण ध्रुव, नरेश पटेल, विनीता कोठारी, चेलेश्वरी साहू, अलका साव, डागेश्वरी साहू, अश्वनी निषाद, अंबिका ध्रुव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पुरानी बस्ती पुलिया निर्माण की मंजूरी को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है, जिसका श्रेय नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा के दृढ़ संकल्प और सतत प्रयासों को दिया जा रहा है।

