विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत कुरुद में कार्यशाला आयोजित,
रोजगार एवं आजीविका योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
उत्तम साहू
धमतरी-कुरुद। जनपद पंचायत कुरुद में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा के मार्गदर्शन में “विकसित भारत संकल्प अभियान (VB-GRAM-G) — विकसित भारत: गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)” के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में सभापति एवं जिला पंचायत सदस्य पूजा राजू सिन्हा और कुलेश्वरी सुनील गायकवाड़, जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन, जनपद सीईओ, जनपद सदस्यगण, सरपंच, उपसरपंच, सचिव तथा रोजगार सहायकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यशाला के दौरान योजनाओं के त्वरित और पारदर्शी क्रियान्वयन, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा जमीनी स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे पात्र हितग्राहियों की पहचान कर योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा, “हम सभी का संकल्प है — हर गांव विकसित बने, हर परिवार सशक्त बने।” उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से अपील की कि वे पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण विकास को नई गति दें और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यशाला के समापन पर ग्रामीण विकास को गति देने और शासन की योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई गई।



