प्रभारी सचिव शम्मी आबिदी ने संबलपुर में बिहान आजीविका केंद्र, बाजार और कैंटीन का किया शुभारंभ

0

 

प्रभारी सचिव शम्मी आबिदी ने संबलपुर में बिहान आजीविका केंद्र, बाजार और कैंटीन का किया शुभारंभ



उत्तम साहू 

धमतरी, 12 फरवरी 2026। प्रभारी सचिव, छत्तीसगढ़ शासन महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने विकासखंड धमतरी के ग्राम संबलपुर में बिहान योजना अंतर्गत नवनिर्मित आजीविका सेवा केंद्र, बिहान बाजार एवं बिहान कैंटीन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

श्रीमती आबिदी ने कहा कि “बिहान योजना राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। आज प्रारंभ हुए ये केंद्र महिलाओं को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्पादन, विपणन और सेवा सुविधाओं को सुदृढ़ करेंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।”

उन्होंने संबलपुर स्थित आजीविका सेवा केंद्र में उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली तथा पशु सखी प्रशिक्षण और अन्य कौशल विकास गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। समूहों द्वारा संचालित दुग्ध उत्पादन, लघु व्यवसाय, खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि आधारित उद्यम जैसी आयमूलक गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं अब परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

बिहान बाजार में स्वयं सहायता समूहों द्वारा ताजी सब्जियां, अचार, बड़ी, पापड़, गुड़ सहित अन्य स्थानीय उत्पादों का विक्रय किया जा रहा है। साथ ही खेती-किसानी में उपयोगी जैविक दवाइयों और सामग्री की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। विद्यार्थियों और ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉपी-किताबों का विक्रय भी प्रारंभ किया गया है, जिससे आवश्यक वस्तुएं स्थानीय स्तर पर ही सुलभ हो सकें।

बिहान कैंटीन का संचालन आंचल महिला संकुल स्तरीय संगठन, संबलपुर द्वारा किया जा रहा है। यह कैंटीन स्थानीय लोगों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ महिलाओं के लिए नियमित आय का सशक्त माध्यम बन रही है।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने प्रभारी सचिव को जिले में बिहान योजना के तहत संचालित गतिविधियों और महिला स्व-सहायता समूहों की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में महिलाएं बिहान के माध्यम से स्वरोजगार से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धमतरी श्री गजेन्द्र ठाकुर, एपीओ (मनरेगा) श्री धरम सिंह, बीपीएम श्री प्रेमचंद सिन्हा सहित बिहान कैडर और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !