अंतर्राज्यीय बस से 35 किलो से अधिक गांजा जब्त, दो महिला तस्कर गिरफ्तार

0

 

अंतर्राज्यीय बस से 35 किलो से अधिक गांजा जब्त, दो महिला तस्कर गिरफ्तार

उड़ीसा से रायपुर जा रही यात्री बस में बड़ी कार्रवाई, गांजे की कीमत करीब 18 लाख रुपये


    उत्तम साहू 

नगरी- धमतरी, 04 फरवरी 2026 पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बोराई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चेक पोस्ट बोराई पर की गई सघन वाहन जांच के दौरान अंतर्राज्यीय यात्री बस से 35 किलो 783 ग्राम गांजा बरामद कर दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 17 लाख 89 हजार 150 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 04 फरवरी 2026 की रात लगभग 12.30 बजे चेक पोस्ट बोराई पर नियमित वाहन चेकिंग के दौरान यात्री बस “नरेश” (क्रमांक CG-07-E-4433), जो कोरापुट (उड़ीसा) से रायपुर (छत्तीसगढ़) जा रही थी, को रोका गया। जांच के दौरान बस की लोवर बर्थ क्रमांक 23 एवं 24 पर बैठी दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में पाई गईं, जिनके पास तीन ट्रॉली बैग थे।



संदेह के आधार पर दोनों महिलाओं को बस से उतारकर गवाहों की उपस्थिति में उनके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीन सूटकेस में कुल 08 बंडलों में रखा मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 35 किलो 783 ग्राम पाया गया।

पुलिस ने मौके पर ही गांजे को विधिवत जप्त कर लिया और दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बोराई में धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. रेखा रानी, पति अजय कश्यप, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 24, बाजीगर बस्ती, फरीदकोट।
  2. कोमल चौधरी, पति चैतराम चौधरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी दतिया, पोस्ट खामनी, जिला नवरंगपुर (स्थायी पता – मथुरा, उत्तर प्रदेश)।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देकर सहयोग करें।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !