होली पर धमतरी पुलिस सख्त: 35 निगरानी बदमाशों की परेड, शांति भंग करने पर होगी कड़ी कार्रवाई

0

 

होली पर धमतरी पुलिस सख्त: 35 निगरानी बदमाशों की परेड, शांति भंग करने पर होगी कड़ी कार्रवाई



उत्तम साहू 

धमतरी, 28 फरवरी 2026। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने जिलेभर में विशेष सघन अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में गुंडा, निगरानी एवं आदतन बदमाशों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस लाईन रूद्री में 35 बदमाशों की विशेष परेड कराई गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय द्वारा सभी बदमाशों को तलब कर उनकी विधिवत परेड ली गई तथा व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर कड़ी चेतावनी दी गई। स्पष्ट किया गया कि होली के दौरान मारपीट, चाकूबाजी, अड्डेबाजी, जबरन वसूली या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान बदमाशों को समाज की मुख्यधारा में लौटकर सकारात्मक जीवन अपनाने की समझाइश दी गई। संतोषजनक आचरण रखने वालों को माफी सूची में शामिल करने पर विचार करने की बात भी कही गई। साथ ही सभी से शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। अशांति फैलाने वाले एवं आदतन अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं एवं माइनर एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अभियान के दौरान एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, रक्षित निरीक्षक धमतरी सहित सिटी कोतवाली, अर्जुनी, रूद्री, कुरूद, भखारा, मगरलोड, नगरी, सिहावा, केरेगांव, दुगली, बिरेझर एवं करेलीबड़ी थाना/चौकी के प्रभारी व पुलिस बल मौजूद रहे।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रह सके।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !