धमतरी में भीषण सड़क हादसा: 3 सीआरपीएफ जवान और ड्राइवर की मौत, एक गंभीर घायल
उत्तम साहू
धमतरी। जिले के खपरी बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में सीआरपीएफ के तीन जवानों और एक सिविलियन ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार कार में सवार जवान रायपुर की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार सामने चल रहे ट्रक से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार जवान अंदर फंस गए। राहत टीम ने क्रेन और कटर की मदद से कार में दबे जवानों को बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि हादसे में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान एक और जवान तथा सिविलियन ड्राइवर ने दम तोड़ दिया। एक जवान की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, उपनिरीक्षक उमेन्द्र सिंह, कांस्टेबल राजकुमार गौड़ तथा सिविलियन ड्राइवर हीरा लाल नागर के रूप में हुई है। वहीं कांस्टेबल अभिमान राय गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में कलेक्टर अविनाश मिश्रा, सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी, नगर सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडेय तथा अर्जुनी थाना प्रभारी राजेश जगत पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

