सार्वजनिक स्थान पर गांजा पीते पकड़ा गया युवक, कोतवाली पुलिस ने NDPS के तहत भेजा जेल
उत्तम साहू
धमतरी, 14 फरवरी 2026। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन करते हुए 26 वर्षीय मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल को पकड़ा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे अभियान में कोतवाली पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर सूचना मिली कि साल्हेवार पारा, हड्डी गोदाम सुगन तालाब के पास एक व्यक्ति गांजा पी रहा है। तत्काल दबिश देने पर आरोपी को मौके पर धर दबोचा गया। आरोपी ने अपना नाम मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल, पिता स्व. कार्तिक पटेल, निवासी साल्हेवार पारा बताया।
उसके कब्जे से 2 ग्राम गांजा (मूल्य 100 रुपये), 3 मिट्टी के चिलम (लाल चिंदड़ी लगे) और 1 माचिस बरामद हुई। मौके पर ही जप्ती कर सामग्री जब्त कर ली गई। थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 31/26 धारा 27 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब व मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। आमजन से अपील है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें।

