दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौत, 5 गंभीर
बालोद/ जिले में रविवार को तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग ने एक खुशहाल दिन को मातम में बदल दिया। राजहरा थाना क्षेत्र के पत्थराटोला गांव के पास एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर में 20 से अधिक ग्रामीण सवार थे, जो रजही डेम किनारे खटला खाने गए थे। भोजन के बाद सभी लोग पथरकटोला होते हुए अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और वह खेत में जा पलटा।
हादसे में चालक गौकरण दर्रो (40 वर्ष) ट्रैक्टर के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर में बैठे पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर में क्षमता से अधिक लोग बैठे थे, जिससे हादसे की आशंका पहले से बनी हुई थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

