रायपुर में न्यायिक गरिमा का स्वागत: मुख्यमंत्री साय ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत का किया अभिनंदन
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज न्यायपालिका की गरिमा और प्रदेश की सांस्कृतिक आत्मा का सुंदर संगम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के छत्तीसगढ़ आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान जताया और प्रदेश की परंपराओं से जुड़े प्रतीकात्मक उपहार प्रदान किए।
मुख्यमंत्री साय ने मुख्य न्यायाधीश को राजकीय गमछा, विश्वविख्यात बस्तर दशहरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक तथा बेल मेटल से निर्मित भगवान श्रीराम और माता शबरी की आकर्षक प्रतिकृति भेंट कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश पी. नरसिम्हा और प्रशांत कुमार मिश्रा, साथ ही छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा का भी मुख्यमंत्री ने स्वागत और अभिनंदन किया।
उल्लेखनीय है कि मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंचे हैं। उनके आगमन को न्यायिक जगत और विधि शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

