योगेश साहू बने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता
25 वर्षों बाद ओबीसी समाज को राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी प्रतिनिधित्व की सौगात
उत्तम साहू
रायपुर/छत्तीसगढ़ एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीति के मंच पर गौरवान्वित हुआ है। कांग्रेस पार्टी ने बहुसंख्यक ओबीसी समाज को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त प्रतिनिधित्व देते हुए छत्तीसगढ़ के योगेश साहू को युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। यह नियुक्ति इसलिए भी ऐतिहासिक मानी जा रही है क्योंकि लगभग 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद ओबीसी वर्ग से किसी नेता को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
धमतरी जिले के कुरूद विधानसभा अंतर्गत मगरलोड ब्लॉक के ग्राम परसट्ठी जैसे छोटे से गांव से निकलकर योगेश साहू ने अपनी मेहनत, प्रतिबद्धता और राजनीतिक समझ के बल पर राष्ट्रीय पहचान बनाई है। छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय योगेश साहू ने एनएसयूआई से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और वर्ष 2007 से लगातार कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और नीतियों के साथ समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।
अपने राजनीतिक जीवन में वे युवा कांग्रेस सोशल मीडिया प्रदेश कोऑर्डिनेटर और प्रदेश प्रवक्ता जैसे अहम दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। संगठनात्मक क्षमता के चलते उन्होंने ओडिशा, हरियाणा, असम, तमिलनाडु, बिहार, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, गुजरात और दिल्ली सहित कई राज्यों में पार्टी के लिए कार्य किया है।
योगेश साहू ने सर्वोदय आंदोलन के तहत अहिंसा के मार्ग पर आधारित बुनियादी, एडवांस, मेरा घर, संगम, सर्वोदय संकल्प शिविर और सामाजिक न्याय संगम जैसे अनेक प्रशिक्षण प्राप्त किए हैं। साथ ही वे छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में प्रशिक्षण देने के लिए भी आमंत्रित किए जाते रहे हैं।
एक तेजतर्रार और मुखर युवा नेता के रूप में योगेश साहू की पहचान रही है। वे छत्तीसगढ़ की जल, जंगल, जमीन, आदिवासी, युवा और महिला अधिकारों के मुद्दों पर सरकार की नीतियों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाते रहे हैं। अपने बेबाक वक्तव्यों के कारण वे सुर्खियों में रहे हैं और छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री को सार्वजनिक बहस के लिए चुनौती देने वाले वे प्रदेश के पहले युवा नेता माने जाते हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर नियुक्ति की घोषणा के बाद युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, वरिष्ठ ओबीसी नेता ताम्रध्वज साहू, धनेंद्र साहू, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रदेश प्रभारी अमित पठनिया, धमतरी जिला अध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर सहित अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई दी। पूरे प्रदेश में ओबीसी समाज और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खुशी और उत्साह का माहौल है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस नियुक्ति से छत्तीसगढ़ में ओबीसी राजनीति की नई समीकरण बनते हुए नजर आ रहे हैं। चूंकि राज्य में ओबीसी समाज बहुसंख्यक है, ऐसे में आने वाले विधानसभा चुनावों में इसका असर साफ दिखाई दे सकता है। योगेश साहू के रूप में छत्तीसगढ़ को एक और राष्ट्रीय स्तर का ओबीसी युवा नेता मिलना राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।


