धमतरी पुलिस की प्रेरणादायक पहल
अर्धसैनिक बलों में चयनित 13 नवयुवकों से एसपी ने की आत्मीय मुलाकात, दी शुभकामनाएं
उत्तम साहू,धमतरी, 02 फरवरी 2026।
देशसेवा की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाते हुए धमतरी जिला एवं आसपास क्षेत्र के 13 नवयुवकों का चयन देश की प्रतिष्ठित अर्धसैनिक बलों असम राइफल, बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ एवं एसएसबी में हुआ है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार ने चयनित जवानों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
एसपी श्री परिहार ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल चयनित युवाओं और उनके परिवारों के लिए, बल्कि पूरे धमतरी जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने नवयुवकों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल राष्ट्रसेवा की कामना करते हुए उन्हें अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
प्रेरणादायक मार्गदर्शन
मुलाकात के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चयनित जवानों को प्रशिक्षण काल में पूर्ण अनुशासन, समर्पण और धैर्य बनाए रखने की सीख दी। उन्होंने नशे और बुरी संगत से दूर रहकर शारीरिक व मानसिक रूप से स्वयं को सुदृढ़ रखने, संविधान, कानून एवं मानवाधिकारों का सम्मान करते हुए देशसेवा करने तथा अपनी कार्यशैली से माता-पिता, जिले और राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
एसपी ने कहा कि अर्धसैनिक बलों में चयन कठोर परिश्रम, आत्मसंयम और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है और आने वाले समय में यही युवा अन्य नवयुवकों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे।
चयनित नवयुवकों का विवरण
- समीर गिरी – असम राइफल, मुजगहन (धमतरी)
- निरंजन सिंह साहु – एसएसबी, बागतराई (बालोद)
- शेखर ध्रुव – बीएसएफ, मुजगहन (धमतरी)
- सोमप्रकाश ध्रुव – बीएसएफ, मुजगहन (धमतरी)
- हिमांचल माला – बीएसएफ, पुरुर (बालोद)
- त्रिलोकीनाथ तारम – सीआरपीएफ, भेजा मैदानी (बालोद)
- उत्तम यादव – सीआरपीएफ, शंकरदाह (धमतरी)
- डेकेश साहु – सीआरपीएफ, कलारतराई (धमतरी)
- टिकेश्वर साहु – सीआईएसएफ, कर्माचौक (धमतरी)
- पंकज बंजारे – सीआईएसएफ, हरफतरई (धमतरी)
- दीपेश साहु – सीआईएसएफ, शंकरदाह (धमतरी)
- राहुल साहु – सीआईएसएफ, मुजगहन (धमतरी)
- खिलेश कुर्रे – बीएसएफ, कोडेबोड़ (धमतरी)
अंत में धमतरी पुलिस द्वारा चयनित सभी जवानों को अनुशासित, निष्ठावान एवं साहसिक राष्ट्रसेवा हेतु पुनः शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित, सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

