सोशल मीडिया की लत ने छीनी एक माँ की ज़िंदगी
रील बनाने को लेकर पति से विवाद के बाद महिला ने की आत्महत्या
दुर्ग/भिलाई। सोशल मीडिया की चमक-दमक के पीछे छिपा अंधेरा एक बार फिर सामने आया है। भिलाई में रील बनाने को लेकर पति से हुए विवाद के बाद 35 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि ट्यूशन से लौटे बच्चों की नज़र सबसे पहले अपनी मां के शव पर पड़ी।
मृतका की पहचान अंजली साव के रूप में हुई है, जो छावनी थाना क्षेत्र में पति पप्पू साव और दो बच्चों के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि अंजली सोशल मीडिया पर रील और डांस वीडियो बनाने को लेकर काफी सक्रिय थी। इसी बात को लेकर 30 जनवरी को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।
शाम को जैसे ही बच्चे ट्यूशन के लिए घर से निकले, अंजली ने कमरे में पंखे से फांसी लगा ली। जब बच्चे वापस लौटे तो मां को फंदे से लटका देख उनकी चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
पहले भी कर चुकी थी आत्महत्या की कोशिश
स्थानीय लोगों के अनुसार, अंजली दिसंबर महीने में भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। तब उसने धतूरा खा लिया था, लेकिन समय रहते अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बच गई थी। उस घटना के बाद से उसका व्यवहार बदला हुआ और चिड़चिड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि अंजली ने 26 जनवरी को इंस्टाग्राम पर अपनी आखिरी रील पोस्ट की थी। मोहल्ले में वह अपने वीडियो को लेकर पहले से ही चर्चित थी।
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि सोशल मीडिया की दुनिया कब मनोरंजन से दबाव और तनाव में बदल जाती है—और उसका खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है।

