माघ पूर्णिमा पर कर्णेश्वर धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
नगरी से उत्तम साहू की रिपोर्ट
नगरी। माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर कर्णेश्वर धाम में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। कर्णेश्वर मेला महोत्सव के तहत शनिवार मध्यरात्रि से ही महानदी और बालका नदी के संगम पर हजारों श्रद्धालुओं ने पुण्य स्नान कर भगवान कर्णेश्वर महादेव सहित विभिन्न देवी-देवताओं का दर्शन-पूजन किया।
दूर-दराज़ के ग्रामीण अंचलों से पहुंचे श्रद्धालु, साधु-संत एवं विभिन्न देवी-देवताओं के देव विग्रहों के साथ संगम में आस्था की डुबकी लगाते नजर आए। यह धार्मिक सिलसिला रविवार भर निरंतर चलता रहा। परंपरा के अनुसार, मंदिर परिसर में पधारे देवी-देवताओं को कर्णेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट की ओर से मड़ई हेतु सुपारी-चावल भेंट कर आमंत्रण दिया गया।
शनिवार शाम संगम स्नान घाट पर ट्रस्ट द्वारा प्रथम दीपदान किया गया। कर्णेश्वर महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पांच दिवसीय माघ पूर्णिमा मेला महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। गढ़डोंगरी के मांझी परिवार द्वारा खम्बेस्वरी मंदिर में ध्वजा चढ़ाई गई। मंदिर परिसर स्थित विभिन्न देवालयों में पूजा-अर्चना संपन्न हुई। टिकरीवाली के पुजारी द्वारा सेवा-पूजा की गई।
सतनामी समाज ने जैतखाम में पालो चढ़ाकर बाबा गुरु घासीदास को स्मरण किया। वहीं कुम्हार समाज ने भगवान विष्णु, निषाद समाज ने राम-सीता एवं निषादराज तथा पटेल समाज ने माता शाकम्भरी की पूजा-अर्चना की। समाजसेवी रामाराव बघेल द्वारा संगम घाट के समीप श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण किया गया।
रात्रि में छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम “लोक प्रयाग राजिम” ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। सोमवार को देव मड़ई का आयोजन होगा, जिसमें सिहावा अंचल सहित ओडिशा एवं बस्तर क्षेत्र के देवी-देवता आंगा आदि अपने पूर्ण स्वरूप में उपस्थित होकर परंपरा अनुसार मेले की परिक्रमा करेंगे। रात्रिकालीन मनोरंजन हेतु रंग झरोखा के तहत दुष्यंत हरमुख कृत छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की संख्या उल्लेखनीय रही।
सुव्यवस्थित आयोजन एवं व्यवस्थाओं के लिए संरक्षक कैलास पवार,ट्रस्ट अध्यक्ष विकल गुप्ता, उपाध्यक्ष रवि ठाकुर, रवि दुबे,सचिव भरत निर्मलकर,कोशाध्यक्ष निकेश ठाकुर,सह सचिव दय मोहन पुजारी राम भरोसा साहू,वरिष्ठ ट्रस्टी प्रकाश बैस, पूर्व विधायक पिंकी शाह, नागेन्द्र शुक्ला,शिव कुमार परिहार, ललित शर्मा कमल डागा ,राम प्रसाद मरकाम,गगन नाहटा,नोहर साहू,छबि ठाकुर,राम लाल नेताम,मोहन पुजारी,योगेश साहू अमर सिंह पटेल,अंजोर निषाद,रवि भट्ट, दीपक यदु,सचिन भंसाली, महेंद्र कौशल,प्रताप सुरेशा,मिलेश साहू बबलू गुप्ता,ललित निर्मलकर,ईश्वर जांगड़े,अनिरुद्ध साहू,दुर्गेश साहू, कैलाश प्रजापति,दीपक यदु,प्रकाश सार्वा ,राकेश चौबे,हनी कश्यप,नरसिंह मरकाम,मोहन नाहटा, बंटी जैन,होरी लाल पटेल,के आर बोरघरिया,टेस्वर ध्रुव मदन साहू,सन्तु साहू डोमार मिश्रा ,मनोज गुप्ता, प्रेमजीत छाबड़ा सहित ट्रस्ट पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक सक्रिय रूप से जुटे रहे।
प्रशासन एवं मंदिर ट्रस्ट की चाक-चौबंद व्यवस्था के चलते मेला शांतिपूर्ण एवं भव्य रूप से संपन्न हो रहा है।




