नेवता भोज से खिले आंगनबाड़ी के नन्हे चेहरे, जनप्रतिनिधियों ने बच्चों संग साझा किया स्नेह
उत्तम साहू नगरी, 21 फरवरी 2026।
नगर के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 02, वार्ड 05 में आज आत्मीयता और उत्साह का वातावरण देखने को मिला, जब वार्ड 05 की पार्षद श्रीमती विनिता कोठारी द्वारा आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए नेवता भोज का आयोजन कराया गया। इस अवसर पर बच्चों को खीर, पूड़ी, चावल, सब्जी, दाल और सलाद सहित पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन परोसा गया, जिसे बच्चों ने खुशी-खुशी ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद श्रीमती कोठारी ने बच्चों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई और नियमित आंगनबाड़ी आने के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें स्वच्छता और पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र बच्चों के समग्र विकास की मजबूत नींव हैं और समाज के हर वर्ग का सहयोग इन केन्द्रों को और प्रभावी बनाता है।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 07 की पार्षद श्रीमती चेलेश्वरी लखन साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को स्नेहपूर्वक भोजन कराया और ऐसे आयोजनों को सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में बच्चों के पालक एवं माताएं,भामनी यादव, लोकेश्वरी, नीलम, जानकी, अंजू, करमोतिन, नीराबाई, सहित मितानिन राजकुमारी निषाद, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महेश्वरी यादव और सहायिका गोदावरी सेन भी मौजूद रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में उत्साह बढ़ता है और समुदाय तथा आंगनबाड़ी के बीच संबंध मजबूत होते हैं।
नेवता भोज के समापन पर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और अभिभावकों में संतोष साफ नजर आया, जिससे आयोजन का उद्देश्य सफल होता दिखाई दिया।

