कलेक्टर के निर्देशन में निःशुल्क बायोनिक हैंड शिविर, दिव्यांगजनों को मिली नई उम्मीद

0

 


कलेक्टर के निर्देशन में निःशुल्क बायोनिक हैंड शिविर, दिव्यांगजनों को मिली नई उम्मीद

समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती मनीषा पांडे ने जिले के पात्र दिव्यांगजनों से ऐसे शिविरों में लाभ उठाने की अपील की है।



उत्तम साहू 

धमतरी, 24 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशन और सतत निगरानी में समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के पुनर्वास एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए निःशुल्क बायोनिक (कृत्रिम) हाथ वितरण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में कोहनी से हाथ गंवा चुके पात्र दिव्यांगजनों को अत्याधुनिक बायोनिक हैंड निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। निजी क्षेत्र में जिसकी कीमत लगभग 4 से 5 लाख रुपये तक होती है, वही उपकरण शासन की पहल पर हितग्राहियों को बिना किसी शुल्क के प्रदान किया गया।



कलेक्टर श्री मिश्रा के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के चयनित हितग्राहियों को राजधानी रायपुर भेजकर शिविर में शामिल कराया गया। इनमें भूपेंद्र कुमार ध्रुव (ग्राम बनियाटोरा, विकासखंड मगरलोड), चेतन राम साहू (ग्राम करेली छोटी, विकासखंड मगरलोड), बिसाली राम साहू (ग्राम गुजरा, विकासखंड धमतरी), सोमप्रभा निषाद (ग्राम भटेली, नगर पंचायत भखारा) एवं उचित राम ध्रुव (ग्राम सिलौटी, विकासखंड मगरलोड) शामिल रहे।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें शासन की पुनर्वास योजनाओं से लाभान्वित किया जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और सामान्य जीवन जी सकें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सहारा ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध कराना है।

शिविर में बायोनिक हाथ लगने के बाद हितग्राहियों ने खुशी जाहिर की। भूपेंद्र कुमार ध्रुव ने कहा कि बायोनिक हाथ मिलने से उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है और अब वे दैनिक कार्य स्वयं कर सकेंगे। चेतन राम साहू ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे बड़ी राहत बताया। बिसाली राम साहू ने कहा कि इस पहल से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे पुनः सामान्य जीवन की ओर अग्रसर होंगे। सोमप्रभा निषाद ने इसे दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली पहल बताया, जबकि उचित राम ध्रुव ने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे कभी बायोनिक हाथ की कल्पना भी नहीं कर सकते थे, लेकिन अब यह संभव हो पाया है।

समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती मनीषा पांडे ने जिले के पात्र दिव्यांगजनों से ऐसे शिविरों की जानकारी लेकर लाभ उठाने की अपील की है।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !