घरेलू विवाद बना वजह.. सोते लोगों पर धारदार वार, तीन की मौत से थर्राया गांव..दो जिंदगी से जूझ रहे
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के डोंगरीपाली थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पड़ोसी ने सो रहे एक ही परिवार के पांच लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में एक मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। इस ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, बरमकेला ब्लॉक के ग्राम पंचायत झाल निवासी कुंवर राय का परिवार रात में घर में सो रहा था। सुबह करीब साढ़े चार बजे पड़ोस में रहने वाला तुलसी सारथी (26) घर में घुस आया और अचानक परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। घायल दो लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घायलों का इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
कानूनी प्रावधानों के तहत हत्या के मामलों में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया जाता है, जिसमें दोष सिद्ध होने पर मृत्युदंड या आजीवन कारावास सहित जुर्माने का प्रावधान है।

