सनसनीखेज घटना: गला काटकर कुएं में कूदा युवक, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान
कोरबा। जिले के बेंदरकोना गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मानसिक तनाव और अंधविश्वास के बीच फंसे एक युवक ने आत्महत्या का खौफनाक प्रयास कर पूरे गांव को दहशत में डाल दिया।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी राम कृष्ण कुर्रे उर्फ रामकिशन ने अचानक धारदार चाकू से अपने ही गले पर वार कर लिया। गले से खून बहने लगा तो वह बदहवास हालत में गांव की गलियों में दौड़ता रहा। यह मंजर देखकर ग्रामीण सन्न रह गए और उसे रोकने की कोशिश करने लगे।
इसी बीच युवक भागते-भागते गांव के कुएं तक पहुंचा और लहूलुहान हालत में उसमें छलांग लगा दी। कुएं में कूदने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू शुरू किया और युवक को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और संजीवनी 108 को बुलाया गया। डायल 112 की टीम तेजी से मौके पर पहुंची और युवक को आधे रास्ते से ही अपने वाहन में लेकर जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

