गुहननाला में तेज रफ्तार का कहर: दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, तीन गंभीर
नगरी। दुगली थाना क्षेत्र के गुहननाला में सोमवार शाम तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि नगरी ब्लॉक मुख्यालय से अपने घर की ओर तेज गति से जा रहे युवक दिलीप नेताम की बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। दूसरी बाइक पर पुनीत दास, महेश दास और फुलेश्वरी सवार थे, जो चमेदा निवासी बताए जा रहे हैं और काठी कार्यक्रम में शामिल होने शकरवारा की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दिलीप नेताम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और धमतरी से आ रहे लोगों की मदद से घायलों को नगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धमतरी रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

