इंस्टाग्राम की दोस्ती बनी मौत की वजह, ब्लॉक करते ही भड़की प्रेमिका, सीने में चाकू घोंपकर ली जान
बिलासपुर। सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्यार आखिरकार खून-खराबे में तब्दील हो गया। इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती, बातचीत और फिर बेइंतहा मोहब्बत… लेकिन जब युवक ने अचानक अपनी प्रेमिका को मोबाइल पर ब्लॉक किया, तो यही बात उसकी जान की दुश्मन बन गई।
मंगलवार सुबह सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां नाराज़ प्रेमिका ने अपने ही प्रेमी के सीने में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25) मूलतः रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा का रहने वाला था और शुभम विहार स्थित शिक्षक कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था। वह उसलापुर इलाके में हरी-चटनी होटल में काम करता था। कुछ समय पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सीपत क्षेत्र के ग्राम झलमला निवासी रोशनी सूर्यवंशी (22) से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और रिश्ता प्यार में बदल गया।
पुलिस के मुताबिक, युवती युवक से बेहद लगाव रखती थी। लेकिन दो-तीन दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन हो गई। गुस्से में युवक ने युवती को मोबाइल पर ब्लॉक कर दिया। यही बात युवती को नागवार गुज़री।
मंगलवार की सुबह रोशनी चाकू लेकर युवक के घर पहुंची। उसने दरवाजा खटखटाया और जैसे ही युवक बाहर आया, मोबाइल को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में युवती ने सीधे युवक के सीने पर चाकू से वार कर दिया।
लहूलुहान हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती को शक था कि युवक किसी दूसरी लड़की से बातचीत कर रहा है और उससे दूरी बना रहा है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया पर बने रिश्ते, जब हद से आगे बढ़ते हैं, तो अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है।

