शादी की खुशियां मातम में बदलीं: परघनी में चाकूबाजी, युवक की मौत

0

 

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: परघनी में चाकूबाजी, युवक की मौत

मगरलोड पुलिस की त्वरित कार्रवाई, रात भर में 7 आरोपी गिरफ्तार



                     उत्तम साहू,मगरलोड

धमतरी, 22 फरवरी 2026। थाना मगरलोड क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह में शादी के चौथिया/परघनी कार्यक्रम के दौरान मामूली धक्का-मुक्की का विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। बाजा पार्टी और वधू पक्ष के युवकों के बीच हुए विवाद में चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी टेटकूराम निषाद (50 वर्ष), निवासी मालगांव थाना गरियाबंद, अपनी पुत्री के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने भोथीडीह आए थे। शनिवार रात करीब 8 बजे बाजार चौक के पास परघनी कार्यक्रम में नाच-गान चल रहा था। इसी दौरान प्रार्थी के पुत्र चंदन निषाद का बाजा बजाने वाले युवकों से धक्का लगने को लेकर विवाद हो गया।

बताया गया कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और एकजुट होकर चंदन निषाद तथा तरुण ध्रुव पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से चंदन निषाद की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तरुण ध्रुव सहित बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल पतासाजी करते हुए रात भर पूछताछ व घेराबंदी कर 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालक भी संलिप्त पाए गए हैं, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत पृथक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे में नहीं थे और उनका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 33/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !