मुड़ापार में अखण्ड नवधा रामायण का आयोजन, कथा श्रवण करने पहुंचे मुकेश जायसवाल
रिपोर्ट: ज्ञान शंकर तिवारी, पाली
पाली। ग्राम मुड़ापार में ग्रामवासियों द्वारा आयोजित अखण्ड नवधा रामायण कार्यक्रम में रामभक्तों की भारी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल विशेष रूप से शामिल हुए और कथा श्रवण कर भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मुकेश जायसवाल ने कहा कि यदि मानव अपने विकारों को दूर कर ले, तो वह स्वयं भगवान श्रीराम के समान बन सकता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित रामचरितमानस के बताए मार्ग पर चलकर जीवन को सार्थक बनाएं।
कार्यक्रम में आयोजकों और ग्रामवासियों ने मुकेश जायसवाल का बुके, माला और श्रीफल भेंट कर स्वागत-अभिनंदन किया। उनके सम्मान में देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किया गया।
इस दौरान दुर्गेश कश्यप ने कहा कि मुड़ापार के आयोजक और ग्रामवासी सौभाग्यशाली हैं, जहां प्रतिदिन अलग-अलग रामायण मंडलियां पहुंचकर कथा का वाचन कर रही हैं। कथा श्रवण के लिए भक्तों की लगातार भीड़ उमड़ रही है और प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालु पुण्य लाभ ले रहे हैं।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल हरदीबाजार के महामंत्री अमरनाथ कौशिक, सरपंच प्रतिनिधि कुंवर सिंह राज, लक्ष्मी श्रीवास, शंकर साहु, पितर सिंह, जगतराम साहु, विजय जायसवाल, राजकुमार पटेल, कुंजराम, झुम्मन राज, सागर राम, शारदा यादव, नीतेश पांडेय, गंभीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

