बोईदा आंगनबाड़ी केंद्र में वजन त्यौहार का शुभारंभ, सरपंच संजय राज रहे मुख्य अतिथि
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट
कोरबा। ग्राम बोईदा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 में मंगलवार को वजन त्यौहार का शुभारंभ ग्राम सरपंच संजय राज के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा अतिथियों के आत्मीय स्वागत और अभिवादन के साथ हुई, जिससे पूरे परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर सरपंच संजय राज ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से केंद्र में पंजीकृत बच्चों की संख्या, गर्भवती महिलाओं एवं शिशुवती माताओं की जानकारी, कुपोषण की वर्तमान स्थिति तथा बच्चों के टीकाकरण से संबंधित विवरण प्राप्त किया। उन्होंने बच्चों के नियमित वजन मापन, पोषण स्तर की सतत निगरानी एवं शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया।
वजन त्यौहार के दौरान बच्चों का वजन मापा गया तथा उपस्थित अभिभावकों को संतुलित आहार एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारियाँ दी गईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य की निगरानी कर कुपोषण को दूर करने की दिशा में जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरस्वती श्रीवास, सविता पंथ, नंद पटेल, मितानिन, सहायिका सहित ग्राम के गणमान्य नागरिकों की सक्रिय उपस्थिति रही। सभी के सहयोग से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।


