नशे के खिलाफ धमतरी पुलिस का सख्त अभियान, तीन थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई
चार आरोपी गिरफ्तार, 12.20 लीटर कच्ची महुआ शराब व गांजा जप्त
उत्तम साहू,धमतरी, 08 फरवरी 2026।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर मादक पदार्थ सेवन, अवैध शराब परिवहन एवं बिक्री के मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 12.20 लीटर देशी कच्ची महुआ शराब, गांजा एवं अन्य सामग्री जप्त कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन करते युवक गिरफ्तार
थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्टेशन पारा स्थित निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक के पास पुलिस ने एक युवक को सार्वजनिक स्थान पर गांजा जैसे मादक पदार्थ का सेवन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 5.3 ग्राम गांजा, नगदी रकम, मोबाइल फोन एवं सेवन में प्रयुक्त सामग्री जप्त की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 27 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
आरोपी:
मनीष कोर्राम (22), पिता धीरन कोर्राम, निवासी स्टेशन पारा, धमतरी।
अवैध शराब परिवहन करते दो आरोपी धराए
थाना मगरलोड पुलिस ने देहात पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम जामली के पास विजयपुर-जामली कच्चे रास्ते पर बिना नंबर की मोटर सायकल को रोका। जांच में वाहन पर रखे जरीकेन से 09 लीटर देशी कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। आरोपियों द्वारा शराब बिक्री हेतु परिवहन करना स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को जेल भेजा।
आरोपी:
- लोमन साहू (39), निवासी ग्राम जामली
- गंगाधर नेताम (26), निवासी ग्राम जामली
घर के पास अवैध शराब बिक्री करते आरोपी गिरफ्तार
थाना केरेगांव क्षेत्र के ग्राम नयापारा कुकरेल में पुलिस ने सूचना पर दबिश देकर एक आरोपी को अपने घर के पास अवैध रूप से महुआ शराब बेचते हुए पकड़ा। मौके से 3.20 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं बिक्री की नगदी राशि 520 रुपये जप्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(ए) आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
आरोपी:
पुरुषोत्तम निषाद (46), पिता स्व. परउ राम निषाद, निवासी नयापारा कुकरेल।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

