पति की आंखों के सामने टूटा भरोसा, फिर गुस्से में युवक को उतारा मौत के घाट
महासमुंद। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कोसरंगी में बीती रात एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पत्नी को गैर युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देखकर पति आपा खो बैठा और लाठी-डंडे व ईंट से पीट-पीटकर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नकुल साहू शादी समारोह में अपने सेठ के साथ गया हुआ था। पत्नी को लगा कि पति रात भर घर नहीं लौटेगा, इसी बीच उसने गांव के ही वाकेश साहू (27) को घर बुला लिया।
रात करीब 11 बजे नकुल साहू अचानक घर पहुंचा। जैसे ही उसने कमरे के भीतर का नज़ारा देखा, गुस्से में बेकाबू हो गया। नकुल ने सबसे पहले ईंट से वाकेश साहू के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने डंडे से लगातार हमला कर युवक को मौत के घाट उतार दिया।
घटना की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला अवैध संबंध और अचानक उपजे गुस्से से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस आपसी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है।
एक पल के गुस्से ने तीन ज़िंदगियों को बर्बाद कर दिया—एक की जान गई, एक सलाखों के पीछे पहुंच गया और एक रिश्तों की आग में झुलस गई। गांव में घटना के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है।

