बीजापुर में फिर गूंजी गोलियां: इंद्रावती किनारे मुठभेड़, दो वर्दीधारी माओवादी ढेर
गुरुवार की सुबह इंद्रावती नदी का तटीय इलाका गोलियों की आवाज से थर्रा उठा। जांगला थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में जवानों ने दो वर्दीधारी माओवादियों को मार गिराया। घटना के बाद पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।
खुफिया इनपुट पर निकली थी टीम
पुलिस को इनपुट मिला था कि इंद्रावती के किनारे बड़ी संख्या में माओवादी डेरा डाले हुए हैं। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम एंटी-नक्सल अभियान पर रवाना हुई। सुबह अभियान क्षेत्र में पहुंचते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मोर्चा संभाला और कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद दो माओवादी ढेर हो गए।
हथियारों का जखीरा बरामद
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में घटनास्थल से एक SLR राइफल, एक INSAS राइफल, 12 बोर की बंदूक, भारी मात्रा में विस्फोटक और माओवादी दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है। बरामद हथियारों को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
“इलाका नियंत्रण में, ऑपरेशन जारी”
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया, “मुठभेड़ के बाद भी सुरक्षाबल क्षेत्र में डटे हुए हैं। आसपास के जंगलों में सघन सर्चिंग की जा रही है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।”
फिलहाल पूरे इलाके में हाई अलर्ट है और मुठभेड़ से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

