बेटी ने पिता की हत्या की, घरेलू कलह ने लिया खौफनाक मोड़
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रलिया में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पारिवारिक विवाद ने उस समय भयावह रूप ले लिया, जब 27 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर अपने ही पिता की हसिया से वार कर हत्या कर दी। आरोपी युवती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट, पिता फिरत राम, निवासी रलिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीते कई वर्षों से उनकी पत्नी और तीनों बेटियां अलग रह रही थीं। परिवार के भीतर लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
सोमवार देर रात अशोक कुमार और उनकी बड़ी बेटी गीता केवट के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में आकर बेटी ने घर में रखे हसिया से पिता के गले पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही हरदी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से आपसी अविश्वास और आरोप-प्रत्यारोप को लेकर तनाव था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव और संवाद की कमी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है।

