रफ्तार का कहर: दो बाइक,आमने-सामने भिड़ीं पति-पत्नी समेत तीन की मौत
रायपुर। राजधानी रायपुर एक बार फिर तेज रफ्तार की चपेट में आ गई। विधानसभा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान टेकारी निवासी भोजराज विश्वकर्मा, उनकी पत्नी प्यारी बाई विश्वकर्मा और मांढर निवासी शुभम यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और अचानक आमने-सामने आ गईं, जिससे टक्कर बेहद घातक साबित हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
राजधानी में लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और रफ्तार पर लगाम की जरूरत की ओर इशारा कर रहे हैं।

