छिन्दपुर में बिजली समस्या का समाधान, नए केबल से सुचारू हुई आपूर्ति
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट
पाली। आदर्श ग्राम पंचायत छिन्दपुर में लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या का समाधान हो गया है। जिला कार्यसमिति सदस्य, भारतीय जनता युवा मोर्चा एवं विधायक प्रतिनिधि (एस.एम.वी.) कृष्णानंद राठौर के प्रयासों के बाद बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नया केबल लगाकर विद्युत आपूर्ति को सुचारू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, उपस्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक स्कूल तक केवल एक फेस की सिंगल केबल होने के कारण क्षेत्र में लगातार ओवरलोड और वोल्टेज अप-डाउन की समस्या बनी रहती थी। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में दिक्कतें आ रही थीं तथा घरेलू विद्युत उपकरण भी बार-बार खराब हो रहे थे।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए कृष्णानंद राठौर ने संबंधित विभाग को पत्र लिखकर शीघ्र समाधान की मांग की। उनके प्रयासों के बाद सीएसपीडीसीएल कोरबा द्वारा आवश्यक तकनीकी कार्य पूरा करते हुए नया केबल लगाया गया, जिससे अब गांव में बिजली व्यवस्था सामान्य हो गई है।
बिजली आपूर्ति बहाल होने पर क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और राठौर की सक्रियता व जनसेवा भावना की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।

