बच्चे नहीं हुए तो पत्नी की फावड़े मारकर हत्या..पति गिरफ्तार
कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है। संतान न होने की कुंठा और पत्नी के चरित्र पर शक ने एक पति को हैवान बना दिया। गुस्से में अंधे पति ने फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
गायत्री बस्ती, ढेलवाडीह निवासी तुलसी यादव (37) और रंजना यादव (35) की शादी को करीब 18 साल बीत चुके थे, लेकिन संतान सुख नहीं मिलने से घर में रोज़ाना कलह होती थी। इसी बीच पति के मन में पत्नी के चरित्र को लेकर शक पनपता गया, जो आखिरकार खूनखराबे में बदल गया।
बताया जा रहा है कि रंजना हाल ही में मायके मेला देखने गई थी। वहां भी दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। रविवार शाम मेला से लौटने के बाद घर में फिर झगड़ा भड़क उठा। इसी दौरान गुस्से से बेकाबू तुलसी ने घर में रखे फावड़े से पत्नी के सिर और शरीर पर लगातार वार कर दिए।
लहूलुहान रंजना जमीन पर गिर पड़ी और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।
इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और शक की मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है।

