नगरी का लाल गोपी किशन निषाद बना देश का प्रहरी: CRPF में चयनित हुए
नगर वासियों ने दी शुभकामनाएं, उज्वल भविष्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना किए हैं
उत्तम साहू
नगरी। नगरी नगर के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि नगर पंचायत नगरी, वार्ड क्रमांक 7 निवासी होनहार युवक गोपी किशन निषाद का चयन केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) में कॉन्स्टेबल (GD) के पद पर हुआ है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल नगरी नगर, बल्कि पूरा निषाद समाज और छत्तीसगढ़ राज्य गौरवान्वित हुआ है।
साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले गोपी किशन निषाद, पिता केदारनाथ निषाद, ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
उनकी इस उपलब्धि पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, वार्ड पार्षद चेलेश्वरी साहू एवं लोक निर्माण विभाग के सभापति अश्वनी निषाद ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि गोपी किशन निषाद ने नगरी नगर और निषाद समाज का नाम रोशन किया है। ऐसे युवा देश की सेवा कर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।”
प्राप्त जानकारी के अनुसार, CRPF में नियुक्ति के उपरांत गोपी किशन निषाद को राजस्थान राज्य में एक वर्ष का कठोर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद वे देश की आंतरिक सुरक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
गोपी किशन निषाद की इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है। आज वे नगरी नगर के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं।
पूरा नगरी नगर उनके उज्ज्वल भविष्य और देशसेवा में सफल कार्यकाल की कामना करता है।

