नगरी नगर पंचायत का ‘1 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम: 100 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लेखा-जोखा,

0


नगरी नगर पंचायत का ‘1 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम: 100 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लेखा-जोखा,

पत्रकार वार्ता में अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने गिनाईं उपलब्धियां


उत्तम साहू 

नगर पंचायत नगरी के कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “1 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत नगर के रेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर के पत्रकारों का गुलाल लगाकर आत्मीय स्वागत के साथ हुई। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा तथा लोक निर्माण विभाग के सभापति अश्विनी निषाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपने एक वर्ष के कार्यकाल का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने बताया कि नगर पंचायत नगरी में बीते एक वर्ष के दौरान लगभग 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य एवं हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ नगरवासियों को दिया गया है, जबकि कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति भी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को सीधे लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

अमृत मिशन से पेयजल और आधारभूत सुविधाओं का विकास

अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि अमृत मिशन योजना के तहत लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से नगर में पेयजल एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास का कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त वर्तमान में स्वीकृत निर्माण कार्यों को मिलाकर लगभग 12 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य विभिन्न मदों से स्वीकृत किए गए हैं।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को सीधा लाभ

महिला सशक्तिकरण की दिशा में महतारी वंदन योजना के तहत नगर की करीब 2500 महिलाओं को लगभग 3 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत करीब 2 करोड़ रुपये के आवास स्वीकृत किए गए, जबकि लगभग 1 करोड़ रुपये की राशि हितग्राहियों को भुगतान के रूप में दी गई।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से भी मिला सहारा

नगर पंचायत नगरी में 971 पेंशनधारियों को नियमित रूप से पेंशन राशि प्रदान की जा रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से लगभग 1 करोड़ रुपये की राशि हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर की गई, जबकि अन्य शासकीय योजनाओं के तहत करीब 80 लाख रुपये का लाभ भी लोगों को मिला।

अधोसंरचना विकास को मिलेगी नई गति

नगर के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए अध्यक्ष ने बताया कि नगरी की पुरानी बस्ती पुलिया निर्माण के लिए 3 करोड़ 31 लाख 47 हजार रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके अलावा अध्यक्ष एवं पार्षद निधि से लगभग 70 लाख रुपये के कार्यों को धरातल पर उतारने की पहल की गई है।
राज्य सरकार के बजट में बजरंग चौक से हरदीभाठा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 34 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है, जिससे नगर के विकास को और गति मिलेगी। साथ ही खेल मैदान, बस स्टैंड और तालाबों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।

जनहित के कार्यों में भी सक्रियता

नगर पंचायत द्वारा एक वर्ष के भीतर 110 नए राशन कार्ड बनाए गए, जबकि 146 नए नाम जोड़े गए और 196 नाम हटाए गए। इसके साथ ही नामांतरण और बंटवारा संबंधी प्रकरणों का भी समय-समय पर निराकरण किया गया।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा, “जनता से पांच वर्षों में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में पहला वर्ष उपलब्धियों से भरा रहा है। आने वाले चार वर्षों में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।”

होली मिलन में रंगा उत्सव का माहौल

कार्यक्रम के अंत में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। ढोल-नगाड़ों और होली गीतों की धुन पर पूरा प्रांगण उत्सव के रंग में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, सभापति अश्विनी निषाद, शंकर देव, विनीता कोठारी, अलका साव, पार्षद राजा पवार, देवचरण ध्रुव, मिकी गुप्ता, नरेश पटेल, चेलेश्वरी साहू, जयंती टुकेश्वरी साहू, डागेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव, असकरण पटेल, हरीश साहू, नगर पंचायत सीएमओ यशवंत वर्मा, इंजीनियर परमेश कुमार ध्रुव, राजस्व निरीक्षक राजेंद्र कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नगर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के विश्वास और आशीर्वाद से ही ये उपलब्धियां संभव हो पाई हैं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !