आईआईएम रायपुर में धमतरी के युवा उद्यमियों को मिला उन्नत प्रबंधन प्रशिक्षण

0


आईआईएम रायपुर में धमतरी के युवा उद्यमियों को मिला उन्नत प्रबंधन प्रशिक्षण

जिले के 6 उद्यमियों का चयन, व्यवसाय विस्तार की आधुनिक तकनीकों का मिला प्रशिक्षण



             उत्तम साहू धमतरी, 05 मार्च 2026।
जिले में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत धमतरी जिले के छह युवा उद्यमियों को राजधानी रायपुर स्थित Indian Institute of Management Raipur द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम “Advanced MDP for Business Scale-Up for MSMEs” में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला। पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा कर सभी प्रतिभागी वापस लौट आए हैं।

यह प्रशिक्षण कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन और प्रयासों से संभव हो पाया। कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को सशक्त बनाना, व्यवसाय को विस्तार योग्य (स्केलेबल) मॉडल में विकसित करना तथा दीर्घकालीन विकास रणनीतियों की समझ प्रदान करना था।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उद्योग एवं व्यवसाय विस्तार, प्रबंधन कौशल, विपणन रणनीति, वित्तीय प्रबंधन और आधुनिक व्यावसायिक मॉडल से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। इससे उन्हें बदलते व्यावसायिक वातावरण में प्रतिस्पर्धात्मक रणनीतियों को समझने का अवसर मिला।

जिले के इन उद्यमियों ने लिया प्रशिक्षण

इस कार्यक्रम में धमतरी जिले से चयनित प्रतिभागियों में डॉ. संदीप मेश्राम, गौरव कुमार सिन्हा (कृषि उद्यमी), डॉ. पीयूष प्रधान (कृषि वैज्ञानिक), दुष्यंत किरी (उद्यमी), कुणाल सिन्हा (कृषि शिक्षा) और नोमेश कुमार (औषधि उद्यमी) शामिल रहे।

विशेष बात यह रही कि इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में चयनित सभी प्रतिभागियों को पूरी तरह निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों के रहने, भोजन और अध्ययन की संपूर्ण व्यवस्था संस्थान द्वारा की गई तथा प्रशिक्षण पूर्ण होने पर उन्हें प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

जिले में उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा

उल्लेखनीय है कि डॉ. संदीप मेश्राम जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र (DTIC) धमतरी में DRP के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और जिले में उद्यमिता संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इस प्रशिक्षण से जिले के अन्य युवा उद्यमियों को भी प्रेरणा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि आज के समय में उद्यमिता केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नवाचार, रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करना जिले के उद्यमियों के लिए एक बड़ा अवसर है, जिससे उन्हें आधुनिक प्रबंधन तकनीकों और बाजार विस्तार की रणनीतियों को समझने में मदद मिलेगी।

कलेक्टर ने जिले के अन्य उद्यमियों, स्टार्टअप संचालकों, व्यवसायियों तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से जुड़े हितग्राहियों से भी ऐसे राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से धमतरी में उद्यमिता की नई संभावनाएँ विकसित होंगी और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरणा मिलेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !