आदतन बदमाश कृष्णा नायक उर्फ बिट्टू हुआ जिला बदर, 1 वर्ष तक 6 जिलों से निष्कासन
उत्तम साहू
धमतरी, 24 मार्च 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा गुंडों और आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी धमतरी ने आदतन बदमाश कृष्णा नायक उर्फ बिट्टू नायक को एक वर्ष के लिए जिला बदर कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र का निवासी है और वर्ष 2018 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, लूट, डकैती, जान से मारने की धमकी, अवैध कब्जा, हथियार के बल पर भय फैलाने तथा मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी की गतिविधियों से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था, वहीं युवाओं को नशे की ओर भी प्रेरित किया जा रहा था।
छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5 (क) (ख) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को धमतरी सहित रायपुर, बालोद, कांकेर, गरियाबंद, दुर्ग और कोंडागांव जिलों की सीमाओं से एक वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है। आदेश के तहत आरोपी को निर्धारित अवधि तक इन जिलों में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। उल्लंघन की स्थिति में उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एक प्रकरण में जिला बदर की कार्रवाई की गई है, जबकि वर्ष 2025 में कुल 10 बदमाशों को जिला बदर किया जा चुका है। प्रशासन द्वारा अन्य सक्रिय अपराधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है और उनके खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराध व असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

