खल्लारी रोप-वे हादसा: सरकार का सहारा, मिलेगा मुआवजा, दोषियों पर सख्ती तय
रायपुर। महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुए दर्दनाक रोप-वे हादसे के बाद राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में किसी भी तरह की मदद की कमी नहीं होने दी जाएगी।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने साफ संकेत दिए हैं कि हादसे के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

