भीषण सड़क हादसा: बस- ट्रक में टक्कर के बाद लगी आग 10 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत
आंध्र प्रदेश से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। मरकापुरम जिले के रायवरम के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जब एक निजी ट्रैवल्स बस और टिपर लॉरी की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में तुरंत आग भड़क उठी और देखते ही देखते वह आग का गोला बन गई। इस भयावह हादसे में 10 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि हरिकृष्णा ट्रैवल्स की यह बस तेलंगाना के जगतियाल से विनजमूर जा रही थी। रास्ते में स्टोन क्वारी के पास यह हादसा हुआ। कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री N. Chandrababu Naidu ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर हालात की समीक्षा की और घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए। साथ ही हादसे के कारणों की गहन जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा उन परिवारों के लिए कभी न भरने वाला घाव बन गया है, जिन्होंने अपने अपनों को इस आग की त्रासदी में खो दिया।

