तेज रफ्तार का कहर: पूर्व मंत्री के काफिले की फॉलो गाड़ी बनी काल, बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत
जगदलपुर। जगदलपुर-रायपुर NH-30 पर रफ्तार ने एक बार फिर दो जिंदगियां छीन लीं। पूर्व मंत्री के काफिले में शामिल फॉलो गाड़ी ने बाइक सवार दो युवकों को ऐसी टक्कर मारी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टक्कर की भयावहता साफ देखी जा सकती है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार (25 मार्च) को बालेंगा पेट्रोल पंप के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बोलेरो वाहन, जो पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के काफिले में शामिल होने जा रही थी, तेज रफ्तार में जगदलपुर की ओर बढ़ रही थी। ड्राइवर समय पर काफिले तक पहुंचने के दबाव में करीब 100 किमी/घंटा की रफ्तार से वाहन चला रहा था।
इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार—कमलेश उइके (40) और राम प्रसाद चिरम (30)—जो पेशे से मिस्त्री थे और काम पर जा रहे थे, अचानक बाइक मोड़ बैठे। तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक करीब 50 मीटर दूर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और CCTV फुटेज के आधार पर सामने आया है कि फॉलो गाड़ी काफिले को कवर करने के लिए तेजी से दौड़ रही थी, लेकिन यही जल्दबाजी दो परिवारों के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और तेज रफ्तार व लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

