राजेंद्र सोनी बने जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के उपाध्यक्ष, संगठन में उत्साह की लहर
उत्तम साहू
धमतरी/नगरी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में प्रदेश कांग्रेस लगातार संगठनात्मक विस्तार कर रही है। इसी क्रम में जिला व ब्लॉक स्तर पर नियुक्तियों के बाद अब जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की नई कार्यकारिणी को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस कार्यकारिणी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के अनुमोदन के बाद औपचारिक मंजूरी मिल गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती तारिणी नीलम चंद्राकर की अनुशंसा पर प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू द्वारा जारी सूची में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र सोनी को जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के बाद संगठन में उत्साह का माहौल है, खासकर सिहावा विधानसभा और आदिवासी अंचल के कार्यकर्ताओं में इस निर्णय को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी जा रही है।
जमीनी कार्यकर्ता के रूप में पहचान
राजेंद्र सोनी को संगठन का जमीनी और सक्रिय चेहरा माना जाता है। उन्होंने बूथ अध्यक्ष से लेकर जोन अध्यक्ष, जोन प्रभारी, युवक कांग्रेस अध्यक्ष और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी के अध्यक्ष जैसे विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए लंबा अनुभव अर्जित किया है। इसके अलावा वे जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव भी रह चुके हैं।
संगठनात्मक अभियानों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। “बूथ चलो अभियान” के तहत कुकरेल क्षेत्र के प्रभारी के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया, वहीं मगरलोड क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती के मुद्दे पर भी उन्होंने प्रभावी भूमिका निभाई।
चुनावी व संगठनात्मक अनुभव
राजेंद्र सोनी को चुनावी रणनीति और संगठनात्मक प्रबंधन का भी व्यापक अनुभव है। वे नगर पंचायत चुनाव 2025 में आमदी क्षेत्र के पर्यवेक्षक रहे हैं, साथ ही गरियाबंद नगर पालिका चुनाव में प्रभारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा ग़ुरूर क्षेत्र में संगठन सृजन मंडल सेक्टर प्रभारी और नगर अध्यक्ष गरियाबंद प्रभारी के रूप में भी उन्होंने पार्टी को मजबूत करने का कार्य किया।
प्रशासनिक अनुभव भी मजबूत
राजनीतिक अनुभव के साथ-साथ प्रशासनिक क्षेत्र में भी उनकी मजबूत पकड़ रही है। वे उपसरपंच भोथली, सदस्य कृषि उपज मंडी समिति नगरी और अध्यक्ष कृषि उपज मंडी समिति नगरी जैसे पदों पर कार्य कर चुके हैं। इससे उन्हें जनसमस्याओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की गहरी समझ है।
आदिवासी अंचल को मिला प्रतिनिधित्व
राजेंद्र सोनी की नियुक्ति को आदिवासी अंचल के प्रतिनिधित्व के रूप में भी देखा जा रहा है। सिहावा विधानसभा क्षेत्र से एक सक्रिय कार्यकर्ता को जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और संगठन को ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
“विश्वास पर खरा उतरने का करूंगा प्रयास”
अपनी नियुक्ति पर राजेंद्र सोनी ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है।
संगठन को मिलेगी नई गति
जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की नई कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है। राजेंद्र सोनी जैसे जमीनी और कर्मठ नेता की नियुक्ति से यह संकेत मिलता है कि कांग्रेस अब बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने की रणनीति पर तेजी से काम कर रही है।

