गंगरेल बांध में पहली बार ‘महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप’ 11 मार्च को, जल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

0

 

गंगरेल बांध में पहली बार ‘महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप’ 11 मार्च को, जल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा


उत्तम साहू 

धमतरी। जिले में पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान देने की दिशा में एक नई पहल की जा रही है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल पर जिला पर्यटन समिति धमतरी द्वारा गंगरेल बांध में पहली बार ‘गंगरेल नौकायन उत्सव’ के तहत ‘महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप’ का आयोजन किया जा रहा है। यह रोमांचक नौका दौड़ प्रतियोगिता 11 मार्च 2026, बुधवार को दोपहर 3 बजे से गंगरेल बांध में आयोजित होगी।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में जल पर्यटन को बढ़ावा देना, युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा गंगरेल क्षेत्र को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। इस आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा और पर्यटकों के लिए भी यह आकर्षण का केंद्र बनेगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए टीमों का पंजीयन अनिवार्य किया गया है। प्रत्येक टीम के लिए 500 रुपये पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है। टीम पंजीयन की अंतिम तिथि 9 मार्च 2026, सोमवार शाम 5 बजे तक तय की गई है। इच्छुक टीमें QR कोड के माध्यम से भी पंजीयन करा सकती हैं।

नाव दौड़ प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा नाव सजावट और पारंपरिक वेशभूषा के लिए भी 11-11 हजार रुपये के विशेष पुरस्कार रखे गए हैं, जिससे प्रतियोगिता में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिलेगा।

प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार सभी प्रतिभागियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना आवश्यक है तथा प्रत्येक प्रतिभागी के पास वैध पहचान पत्र होना अनिवार्य रहेगा। प्रत्येक टीम में दो सदस्य होंगे और एक अतिरिक्त रिजर्व खिलाड़ी रखने की अनुमति रहेगी। सभी प्रतिभागियों के लिए समान वेशभूषा या लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य किया गया है।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में केवल पारंपरिक नावों को ही अनुमति दी जाएगी। इंजन या मोटर चालित नावों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। दौड़ पूर्व निर्धारित दूरी में आयोजित होगी और जो नाव सबसे पहले फिनिश लाइन पार करेगी, उसे विजेता घोषित किया जाएगा।

प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष व्यवस्था की जाएगी। मौके पर बचाव दल, सुरक्षा नाव, लाइफ जैकेट, प्राथमिक उपचार तथा एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध रहेगी। खराब मौसम की स्थिति में प्रतियोगिता को आवश्यकतानुसार स्थगित भी किया जा सकता है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि गंगरेल बांध प्राकृतिक सौंदर्य और जल संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र है। ऐसे आयोजन से जिले में पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी और युवाओं को साहसिक खेलों में भागीदारी का अवसर मिलेगा। भविष्य में भी जिले के पर्यटन स्थलों पर इस प्रकार के नवाचारपूर्ण आयोजन किए जाएंगे।

प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी 07722-232337 एवं 98266-39989 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक टीमों से इस आयोजन में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !