रेप की कोशिश में नाकाम युवक ने महिला की गला घोंटकर हत्या की, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
दुर्ग। कुम्हारी थाना क्षेत्र में 17 जनवरी 2026 को केवल्य धाम के पीछे परसदा खार स्थित खेत में मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला से दुष्कर्म करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने पांच विशेष टीमों का गठन किया था। टीमों ने जांच के दौरान 1000 से अधिक लोगों से पूछताछ की और आसपास के क्षेत्रों के 100 घंटे से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी महाराजा देवार उर्फ राजा देवार (22 वर्ष) निवासी राम नगर बजरंग चौक, वार्ड क्रमांक 07, कुम्हारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने महिला से दुष्कर्म करने की कोशिश की थी, लेकिन विरोध करने पर उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

