सीएम हाउस के पास युवक पर चाकू से हमला, 15 हजार की लूट; पांच बदमाशों ने घेरकर किया वार
रायपुर। राजधानी में सुरक्षा के दावे उस वक्त सवालों के घेरे में आ गए जब सीएम हाउस के पास एक युवक पर चाकू से हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। बदमाशों ने युवक को घेरकर मारपीट की और विरोध करने पर चाकू से हमला कर करीब 15 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाले डेनियल मसीही कांकेर रोड स्थित वेज बस में सुपरवाइजर के रूप में काम करते हैं। गुरुवार को वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीएम हाउस के पास अचानक पांच युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें घेर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके पास रखी नकदी छीनने लगे। जब डेनियल ने विरोध किया तो एक बदमाश ने चाकू निकालकर उनके चेहरे पर वार कर दिया। हमले में उनकी नाक और चेहरे पर गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही घायल हो गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक के पास मौजूद करीब 15 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

