सांकरा में भव्य नंदी मूर्ति का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 17 मार्च को, रात्रि में रामायण कार्यक्रम

0

 सांकरा में भव्य नंदी मूर्ति का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 17 मार्च को, रात्रि में रामायण कार्यक्रम

जनसहयोग से व्यापारियों ने लौटाया नंदी चौक का पुराना वैभव


उत्तम साहू 

नगरीसांकरा के नंदी चौक की पहचान वर्षों से नंदी महाराज की मूर्ति से जुड़ी रही है। यह मूर्ति न केवल चौक की रौनक थी बल्कि आसपास के लोगों और व्यापारियों की आस्था का प्रमुख केंद्र भी मानी जाती थी। कई व्यापारी अपने व्यवसाय की शुरुआत नंदी महाराज का आशीर्वाद लेकर ही करते थे। विभिन्न पर्व और धार्मिक आयोजनों के दौरान नंदी मूर्ति के आसपास विशेष धार्मिक माहौल बना रहता था।

हालांकि कुछ समय पहले नंदी चौक में स्थापित पुरानी नंदी मूर्ति को अन्य स्थान पर ले जाने के बाद चौक की पहचान और रौनक मानो खत्म सी हो गई थी। इससे स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों को चौक में सूनेपन का एहसास होने लगा।

इसी को देखते हुए नंदी चौक के व्यापारियों और आसपास के ग्रामीणों ने बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि चौक के पुराने स्थान पर पुनः नंदी महाराज की मूर्ति स्थापित की जाएगी। इस निर्णय के साथ ही “नंदी समिति” का गठन भी किया गया। समिति ने यह तय किया कि जनसहयोग से मूर्ति स्थापित की जाएगी ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति विशेष उस पर अधिकार जताकर उसे अन्यत्र न ले जा सके।

ग्रामीणों और व्यापारियों के सहयोग से अब नंदी चौक में नंदी महाराज की नई भव्य मूर्ति तैयार हो चुकी है। इसके लिए पश्चिम बंगाल के कुशल मूर्तिकार को बुलाकर आकर्षक मूर्ति बनवाई गई है।

समिति के अनुसार 17 मार्च को पंडित डोमन प्रसाद के सान्निध्य में विधि-विधान के साथ वेदी पूजा एवं प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण किया जाएगा। वहीं रात्रि में रामायण कार्यक्रम का भी आयोजन रखा गया है।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए नंदी समिति के अध्यक्ष मनोज कश्यप, उपाध्यक्ष पवन साहू, कल्याण मत्स्यपाल, सचिव डिगेश्वर साहू, कोषाध्यक्ष नेहरू साहू, मीडिया प्रभारी राजू साहू सहित नंदी चौक के व्यापारी और ग्रामवासी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।




Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !