रायपुर साहित्य महोत्सव 2026: धमतरी के विजेता विद्यार्थियों को कलेक्टर ने बांटे पुरस्कार राशि के चेक
साहित्य के माध्यम से समाज की सकारात्मक दिशा में अपनी भूमिका निभाएं
उत्तम साहू
धमतरी, 18 मार्च 2026। रायपुर साहित्य महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय कहानी एवं कविता लेखन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धमतरी जिले के प्रतिभागियों को कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने अपने कार्यालय कक्ष में पुरस्कार राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए साहित्य के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
यह महोत्सव 23 से 25 जनवरी 2026 तक अटल नगर, नया रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित हुआ था, जिसमें देश-प्रदेश के साहित्यकारों और युवा प्रतिभाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक एवं डॉ. अनिता राजपुरिया भी उपस्थित रहीं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 5100 रुपये, 3100 रुपये और 1500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में साहित्यिक रुचि को बढ़ावा देते हैं और उनकी सृजनात्मक अभिव्यक्ति को मजबूत बनाते हैं।
कविता लेखन प्रतियोगिता में स्व. बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी के सुरेंद्र कुमार ने प्रथम, टिकेंद्र कुमार ने द्वितीय तथा हेमंत कुमार साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, कहानी लेखन प्रतियोगिता में एन.आर.एम. कन्या महाविद्यालय, धमतरी की गीता साहू ने प्रथम, गीतांजली सोनकर ने द्वितीय और भूमिका मरकाम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करने और साहित्य के जरिए समाज को सकारात्मक दिशा देने की अपील की।

