दीपका-पाली मार्ग पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने तीन बाइक सवारों को रौंदा, मौके पर मौत, चक्काजाम के बाद प्रशासन झुका
ज्ञान शंकर तिवारी
कोरबा/पाली। दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। ग्राम नुनेरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर भी पलट गया।
मृतकों की पहचान ओम प्रकाश (30 वर्ष), बृजपाल सिंह (25 वर्ष) और मंगल सिंह (50 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम पोटापानी के निवासी थे और रोज़ाना की तरह काम के लिए दीपका खदान जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे नुनेरा के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवारों के शव सड़क पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, इस दर्दनाक हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने दीपका-पाली मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर नियंत्रण न करने का आरोप लगाया और मृतकों के परिजनों के लिए उचित मुआवजा, सड़क पर स्पीड ब्रेकर, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा खदान क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की मांग की।
स्थिति को संभालने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 3 लाख 75 हजार रुपये की सहायता राशि देने, सड़क पर ब्रेकर एवं सीसी कैमरे लगाने तथा प्रभावित परिवार के एक सदस्य को संबंधित कंपनी में नौकरी देने पर सहमति जताई गई। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
यह हादसा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, ऐसे में प्रशासन और पुलिस के लिए यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण अब बड़ी चुनौती बन गई है।

