चमत्कार..20 फीट गहरी पुलिया से गिरी गर्भवती, फिर भी बची जान — अस्पताल पहुंचते ही गूंजी बेटी की किलकारी

0

 

चमत्कार..20 फीट गहरी पुलिया से गिरी गर्भवती, फिर भी बची जान — अस्पताल पहुंचते ही गूंजी बेटी की किलकारी




खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा आखिरकार खुशखबरी में बदल गया। 20 फीट गहरी पुलिया से गिरने के बावजूद एक गर्भवती महिला की जान बच गई और अस्पताल पहुंचते ही उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। इस घटना को लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।

जानकारी के अनुसार भगवानपुरा क्षेत्र के सिरवेल गांव के पास शुक्रवार शाम करीब 5 बजे यह हादसा हुआ। मोहराडी निवासी हीरालाल अपनी गर्भवती पत्नी और भाभी को मोटरसाइकिल से सिरवेल अस्पताल लेकर जा रहा था। इसी दौरान झूले के पास बनी पुलिया पर सामने से आ रही एक अज्ञात मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग करीब 20 फीट नीचे पुलिया से गिर गए। नीचे चट्टानें और पत्थर होने के बावजूद तीनों लोग पानी से भरे गड्ढे में गिरने के कारण गंभीर हादसे से बच गए।

राहगीरों ने दिखाई मानवता

घटना को वहां से गुजर रहे सिरवेल निवासी समाजसेवी विक्रम ठाकुर और रमेश सोलंकी ने देखा। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से घायलों को पुलिया के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद पंचायत सचिव प्रवीण जायसवाल को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वे ग्रामीणों के साथ चारपहिया वाहन लेकर मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सिरवेल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में गूंजी किलकारी

अस्पताल पहुंचने के कुछ ही समय बाद गर्भवती महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। प्राथमिक उपचार के बाद मां और नवजात को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर लोगों ने मदद नहीं की होती, तो यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था। फिलहाल गांव में इस घटना को “मौत को मात देकर आई नन्हीं परी” के रूप में देखा जा रहा है।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !