कुरूद की अमृत एग्रोटेक राइस मिल में बड़ी अनियमितता उजागर, 41 हजार क्विंटल से अधिक चावल जमा करना शेष
उत्तम साहू
धमतरी, 27 मार्च 2026। जिले के कुरूद स्थित मेसर्स अमृत एग्रोटेक राइस मिल में खाद्य विभाग के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में मिल संचालन में गंभीर लापरवाही उजागर हुई है।
जांच में पाया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के तहत फर्म ने कस्टम मिलिंग के लिए 1,27,999.9 क्विंटल धान का अनुबंध किया था, जिसके विरुद्ध 1,11,584.5 क्विंटल धान का उठाव किया गया। नियमानुसार इस उठाव के आधार पर 76,346.26 क्विंटल चावल जमा किया जाना था, लेकिन मिल द्वारा केवल 34,970.02 क्विंटल चावल ही जमा किया गया। इस प्रकार 41,376.24 क्विंटल चावल अब भी जमा किया जाना शेष है।
निरीक्षण के दौरान भौतिक सत्यापन में मिल परिसर में 54,715 क्विंटल धान की कमी भी पाई गई, जो गंभीर अनियमितता की ओर संकेत करती है। इसके अलावा संचालक द्वारा बी-1 दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया और खाद्य विभाग को मासिक विवरणी भी नहीं दी गई। मिल परिसर में स्टॉक बोर्ड का अभाव भी पाया गया।
खाद्य विभाग के अनुसार यह कृत्य छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 की विभिन्न धाराओं तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 का उल्लंघन है। मामले में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस जांच दल में सहायक खाद्य अधिकारी भेलेन्द्र कुमार ध्रुव, खाद्य निरीक्षक निलेश चन्द्राकर एवं नीतू सिंह नेताम शामिल रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि कस्टम मिलिंग कार्य में लापरवाही, निर्धारित समय में चावल जमा नहीं करने या धान उठाव में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित मिलरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

