धमतरी में गांजा बेचते दो युवक पकड़े गए, 488 ग्राम गांजा जब्त
महिमासागर वार्ड मुक्ति धाम के पास कार्रवाई, 28,900 रुपये का मशरूका जब्त;
उत्तम साहू
धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और सफलता मिली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने महिमासागर वार्ड नहर पार स्थित मुक्ति धाम के पास गांजा बेचते दो युवकों को पकड़कर उनके कब्जे से 488 ग्राम गांजा और नगदी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि महिमासागर वार्ड नहर पार स्थित मुक्ति धाम के पास दो युवक अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस को देखते ही गांजा खरीदने आए कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि दो संदिग्धों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम मुकेश सोनकर (22 वर्ष) निवासी रामपुर वार्ड धमतरी बताया, जबकि उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल था।
तलाशी के दौरान बालक के पास रखे क्रीम रंग के थैले से पारदर्शी पॉलीथीन में रखा 488 ग्राम गांजा और 20 नग प्लास्टिक के छोटे रेपर बरामद किए गए। वहीं आरोपी मुकेश सोनकर के पास से गांजा बिक्री की 4,500 रुपये नगद राशि भी जब्त की गई। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 24,400 रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल 28,900 रुपये का मशरूका पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी मुकेश सोनकर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

