धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 518 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
उत्तम साहू
धमतरी, 20 मार्च 2026। जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम नवागांव कंडेल में दबिश देकर गांजा बिक्री करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुनी थाना को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम नवागांव स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन के पीछे दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। इस दौरान दोनों आरोपी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 518 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 5,000 रुपये), दो मोबाइल फोन (10,000 रुपये), एक मोटरसाइकिल (65,000 रुपये) तथा बिक्री की नकदी 2,680 रुपये जप्त की गई। कुल जप्त सामग्री की कीमत 82,680 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 42/26 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनराज साहू (20 वर्ष) निवासी ग्राम कंडेल नवागांव तथा रविकुमार चंद्राचल (29 वर्ष) निवासी नवागांव अर्जुनी शामिल हैं।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों, अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

