नगरी में विशेष बच्चों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, 74 बच्चों की हुई स्क्रीनिंग

0

 

नगरी में विशेष बच्चों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, 74 बच्चों की हुई स्क्रीनिंग


उत्तम साहू 

नगरी25 मार्च कलेक्टर के निर्देशानुसार बुधवार को सिविल अस्पताल नगरी में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मोबाइल क्रेच अंतर्गत “लइका घर” में चिन्हांकित विशेष बच्चों के लिए गहन स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जे.पी. दीवान द्वारा कुल 74 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई। जांच के दौरान 15 कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) के लिए रेफर किया गया। वहीं एक जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चे का फॉलोअप किया गया, जिसे पहले ही चिरायु टीम द्वारा चिन्हित किया गया था।

रक्त परीक्षण के तहत 61 बच्चों की जांच की गई, जिसमें 6 बच्चों का हीमोग्लोबिन स्तर 7 ग्राम से कम पाया गया। इनमें से 2 बच्चों को ब्लड ट्रांसफ्यूजन की सलाह दी गई। वहीं 51 बच्चों का हीमोग्लोबिन स्तर 7 से 11 ग्राम के बीच और केवल 1 बच्चे का 11 ग्राम से अधिक पाया गया। अनीमिया से ग्रसित सभी 60 बच्चों का मौके पर उपचार कर अभिभावकों को आवश्यक परामर्श दिया गया।

इसके अलावा 11 बच्चों का आरबीएस (ब्लड शुगर) टेस्ट एवं 15 बच्चों का सिकल सेल टेस्ट किया गया, जिनकी रिपोर्ट सामान्य रही।

बीएमओ नगरी डॉ. डी.एन. सोम ने बताया कि सभी चिन्हांकित बच्चों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया है और आगे महिला एवं बाल विकास विभाग व मोबाइल क्रेच के सहयोग से उनका नियमित फॉलोअप किया जाएगा। जिन बच्चों को रक्त चढ़ाने की आवश्यकता है, उन्हें निःशुल्क सुविधा प्रदान की जाएगी।

बीपीएम हितेंद्र कुमार साहू ने जानकारी दी कि भविष्य में ऐसे स्वास्थ्य शिविर ब्लॉक के विभिन्न गांवों में भी आयोजित किए जाएंगे।

शिविर के समापन पर डॉ.जे.पी. दीवान ने बताया कि अधिकांश बच्चे कुपोषण से ग्रसित पाए गए, जिसका मुख्य कारण समय पर संतुलित और पौष्टिक आहार का अभाव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को घर का बना पौष्टिक भोजन आकर्षक तरीके से खिलाएं, जिससे वे पैकेट फूड से दूर रहें।

इस अवसर पर चिरायु टीम के डॉ. अखिल चंद्राकर, डॉ. शमा खान सहित स्वास्थ्य विभाग एवं मोबाइल क्रेच के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !